गरियाबंद

घटारानी पर्यटन स्थल में आगजनी, 10 दुकानों में रखा सामान राख, लाखों का नुकसान
29-Nov-2026 8:06 PM
घटारानी पर्यटन स्थल में आगजनी, 10 दुकानों में रखा सामान राख, लाखों का नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 29 नवंबर। गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल घटारानी धाम में देर रात भीषण आगजनी की घटना से हडक़ंप मच गया। मंदिर परिसर से लगी करीब 10 दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सभी दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, घटारानी पर्यटन स्थल स्थित दुकानों में फैंसी सामान, जनरल स्टोर की सामग्री, प्रसादी, खिलौने और पूजा-पाठ से संबंधित वस्तुएं रखी हुई थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।

घटना की सूचना मिलने पर फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और आगजनी की घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना से प्रभावित दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटारानी जैसे प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल पर हुई इस आगजनी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है।

गौरतलब है कि घटारानी धाम में इससे पहले भी नवरात्रि पर्व के दौरान आगजनी की घटना सामने आ चुकी है। उस समय भी दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। चैत्र नवरात्रि पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही बड़ी मात्रा में सामान खरीदकर दुकानों में रखा था, जिसके कारण उन्हें लाखों की नुकसान उठाना पड़ा।


अन्य पोस्ट