गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 5 जून। ग्राम थनौद की लगभग 1 एकड़ जमीन को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपने नाम कराने के मामले में अभनपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपियों पर कूटरचित हस्ताक्षर, फोटो और अंगूठे के निशान का उपयोग कर जालसाजी करने का आरोप है। जमीन करोड़ों की बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम थनौद (तहसील गोबरा नवापारा) स्थित खसरा नंबर 1243/1, 1242/1, 1244/1, 1159/1, 1163/1, 1162/1 एवं 1162/2 की कुल लगभग एक एकड़ भूमि राजस्व रिकॉर्ड में केशव अवस्थी के नाम पर दर्ज थी।
पुलिस के अनुसार, मिर्जा परवेज ने अपने सहयोगियों अब्दुल नईम, आरिफ अली और रोमेश पाण्डेय के साथ मिलकर वर्ष 2023 में कथित तौर पर एक योजना बनाई।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने केशव अवस्थी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर उसके फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान का उपयोग करते हुए पहले अपने पक्ष में मुख्तियारनामा (पॉवर ऑफ अटॉर्नी) तैयार कराया। इसके बाद उसी दस्तावेज के आधार पर जमीन का पंजीयन कराया गया।
पुलिस जांच में पाया गया कि 19 अक्टूबर 2023 को मिर्जा परवेज ने जमीन का एक हिस्सा अब्दुल नईम के नाम और 20 अक्टूबर 2023 को अपने नाम पर पंजीकृत कराया था।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज किए और मुख्तियारनामा तैयार करने में उपयोग किए गए आधार कार्ड सहित अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने का हवाला देते हुए पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 179/26 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 470, 471 एवं 34 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल नईम ,मिर्जा परवेज,वसीम हुसैन, मोहम्मद खलील सभी निवासी संजय नगर, रायपुर है।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने कहा-मामला कूट रचना के तहत जालसाची का है, जो कि गंभीर है। शेष अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है और उनकी भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मामले से जुड़े किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।


