गरियाबंद
कलेक्टर ने टॉपर्स को किया सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 1 मई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में इस बार गरियाबंद जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। जिले में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 92.89 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का 84.16 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में क्रमश: 3 और 4 प्रतिशत अधिक है।
विशेष बात यह रही कि कक्षा 12वीं के परिणाम में गरियाबंद जिले ने राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल कर उपलब्धि दर्ज की, वहीं 10वीं में भी जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस सफलता का श्रेय जिला प्रशासन की नवाचारी पहल ‘गौरव गरियाबंद अभियान’ को दिया जा रहा है, जिसके चलते विद्यार्थियों के परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इस अवसर पर कलेक्टर बी.एस. उइके ने टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की।
आंकड़ों में सफलता की कहानी
कक्षा 12वीं में 5,506 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 5,473 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 3,571 प्रथम श्रेणी, 1,473 द्वितीय श्रेणी और 32 तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। कुल 5,076 विद्यार्थी पास हुए, जबकि 88 अनुत्तीर्ण रहे। पास प्रतिशत 92.89 दर्ज किया गया।
वहीं कक्षा 10वीं में 7,408 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 7,287 परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणामों में 3,716 प्रथम श्रेणी, 2,286 द्वितीय श्रेणी और 111 तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। कुल 6,113 विद्यार्थी पास हुए, जबकि 611 अनुत्तीर्ण रहे। पास प्रतिशत 84.16 रहा।
नियमित पढ़ाई-अनुशासन सफलता की कुंजी
अनुशासन और निरंतरता सम्मान समारोह में टॉपर विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का राज साझा करते हुए बताया कि नियमित पढ़ाई, टाइम-टेबल का पालन और अनुशासन ही उनकी सफलता की कुंजी रही। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर फोकस करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, ऋषा ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।


