गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 20 अप्रैल। जिले के युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से 24 एवं 25 अप्रैल को धमतरी में ‘युवा उत्सव 2026 इंटर कॉलेज प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की रचनात्मकता, नवाचार और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को नई दिशा देने वाला सशक्त मंच साबित होगा।
इस दो दिवसीय उत्सव में गरियाबंद जिले के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में 20 से अधिक विधाओं को शामिल किया गया है, जिनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल एवं समूह नृत्य-गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा में रैम्प वॉक, आर्ट एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी तथा फूड फेस्ट प्रमुख हैं। इसके साथ ही साइंस एवं कृषि तकनीकी प्रदर्शनी, रोबोटिक्स वर्कशॉप और स्टार्टअप गतिविधियां युवाओं को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ेंगी।
सांस्कृतिक रंगों से सजेगी शाम
24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय शाम में आरु साहू, ‘द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा’ राजिम और रायपुर का प्रसिद्ध ‘आवाज क्रांति बैंड’ अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
वहीं 25 अप्रैल को पत्रकार सौरभ द्विवेदी का प्रेरक सत्र युवाओं को नई दिशा देगा। इसके बाद बस्तर का लोकप्रिय ‘वायरा बैंड’ अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से उत्सव को यादगार बनाएगा।
खेल और कौशल विकास का संगम
उत्सव में ई-एंड-सेल के अंतर्गत फोटो एडिटिंग, यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन, मेंटल हेल्थ एवं एआई वर्कशॉप आयोजित होंगी। साथ ही खो-खो, कबड्डी, दौड़, शतरंज और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
यह आयोजन शासकीय महाविद्यालय धमतरी के नवीन भवन स्थित सेमिनार हॉल एवं परिसर में होगा, जहां जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के चयनित विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कुल मिलाकर, ‘युवा उत्सव 2026’ युवाओं के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा निखार और नवाचार को नई उड़ान देने वाला एक यादगार मंच बनने जा रहा है।


