गरियाबंद
जिलाध्यक्ष ने कहा कांग्रेस हमेशा महिला आरक्षण के समर्थन में रही है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 20 अप्रैल। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने भाजपा पर महिला आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिला आरक्षण के समर्थन में रही है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद से पारित होकर कानून बन चुका है।
उन्होंने भाजपा के इस दावे को गलत बताया कि विपक्ष ने बिल का समर्थन नहीं किया। साथ ही कहा कि 16 अप्रैल को प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से संबंधित नहीं, बल्कि परिसीमन से जुड़ा था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन बिल को आगे बढ़ाना चाहती थी।
कांग्रेस ने कहा कि सरकार चाहे तो मौजूदा सीटों में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू कर सकती है। साथ ही पार्टी ने 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करने पर भी सवाल उठाए हैं।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि महिलाओं को आरक्षण दिलाने में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और पंचायत व नगरीय निकायों में इसका लाभ दिख रहा है।
इस दौरान सन्नी मेमन, रमेश शर्मा, मेघराम बघेल , डीलेश्वर देवांगन, छगन यादव,प्रेम सोनवानी , अवध यादव, अर्जुन सोनवानी, योगेश बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


