गरियाबंद

करगा हायर सेकेंडरी शाला में उपचारात्मक शिक्षण
15-Feb-2026 7:47 PM
करगा हायर सेकेंडरी शाला में उपचारात्मक शिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 15 फरवरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करगा में विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणाम बेहतर करने के उद्देश्य से उपचारात्मक शिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सभी विषय शिक्षक अपने-अपने विषय में अतिरिक्त कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

प्राचार्य बालमुकुंद यदु ने जानकारी दी कि बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को उत्तर लेखन की पद्धति, महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास तथा विषय की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेरिट सूची में स्थान दिलाने के उद्देश्य से विशेष मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अवकाश के दिनों में भी कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। छात्रों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी शंकाओं का समाधान किया जा रहा है। आवश्यकता होने पर विषय शिक्षकों से सीधे संपर्क के लिए उनके मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।

शिक्षकों को पालकों से नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए प्रेरित करने, नोट्स उपलब्ध कराने और महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास कराने की व्यवस्था की गई है।

विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए हर संभव शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट