गरियाबंद

मितानिन दीदियां गांव की सच्ची स्वास्थ्य प्रहरी- जनक ध्रुव
14-Feb-2026 5:55 PM
मितानिन दीदियां गांव की सच्ची स्वास्थ्य प्रहरी- जनक ध्रुव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 14 फरवरी।
गरियाबंद में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन किया गया। वन विभाग के ऑक्शन हॉल में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में मितानिन दीदियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। सम्मेलन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती को लेकर गंभीर मंथन किया गया।

सम्मेलन में बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जनपद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, उपाध्यक्ष लेखराम साहू, जनपद सदस्य भीम निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में गरियाबंद ब्लॉक की बड़ी संख्या में मितानिन दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने की व्यवस्था, टीकाकरण अभियान की स्थिति तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। मितानिनों ने जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को भी साझा किया और समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।
 विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि मितानिन दीदियाँ गांव की सच्ची स्वास्थ्य प्रहरी हैं। चाहे दिन हो या रात, वे हर परिस्थिति में जरूरतमंदों तक पहुंचकर सेवा देती हैं। प्रसव पीड़ा जैसी आपात स्थिति में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि मितानिनों का समर्पण और सेवा भावना ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की असली ताकत है और उनके प्रयासों से ही स्वास्थ्य सेवाओं की नींव मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मितानिन दीदियों के मनोबल को ऊंचा करने पर जोर दिया।
सम्मेलन को ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट