गरियाबंद

चौबेबांधा से सिंधौरी तक बनेगी चौड़ी सडक़ विधायक की पहल पर 4.65 करोड़ स्वीकृत
01-Feb-2026 5:38 PM
चौबेबांधा से सिंधौरी तक बनेगी चौड़ी सडक़ विधायक की पहल पर 4.65 करोड़ स्वीकृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 1 फरवरी।
विधायक रोहित साहू के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी सजगता के चलते क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात मिली है। चौबेबांधा से सिंधौरी तक सडक़ चौड़ीकरण के कार्य के लिए शासन द्वारा 4 करोड़ 64 लाख 89 हजार रुपए की महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस सडक़ के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और बढ़ते यातायात दबाव के कारण कोपरा, पाण्डुका, गरियाबंद तरफ से राजिम के नवीन मेला स्थल तक पहुँचने की राह भी आसान हो जाएगी। उस तरफ से मेला मैदान आने वाले लोगों को नेशनल हाईवे 130 सी सिंधौरी से ही सीधे चौबेबांधा मेला मैदान पहुंचने में सुविधा मिलेगी साथ ही इसका लाभ स्थानीय ग्रामीणों को भी होगा। राजिम कुंभ (कल्प) और स्थानीय मेलों के दौरान राजिम शहर की ओर से आने वाले मार्ग पर अत्यधिक दबाव रहता है। इस नई और चौड़ी सडक़ के बन जाने से दबाव में कमी होगी राजिम की ओर से आने वाले यातायात का बोझ कम होगा। कोपरा, पाण्डुका,गरियाबंद की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नवीन मेला मैदान पहुँचने के लिए एक सुगम और अतिरिक्त रास्ता मिलेगा। मेला मैदान आने वाले लोगों को अब संकरी सडक़ों और जाम की स्थिति से जूझना नहीं पड़ेगा।

क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए विधायक रोहित साहू लगातार शासन-प्रशासन से संपर्क साधकर बजट स्वीकृत करा रहे हैं। चौबेबांधा-सिंधौरी मार्ग का चौड़ीकरण उनके विजन का हिस्सा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन दोनों को मजबूती मिलेगी। इस स्वीकृति पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा ही मेरी प्राथमिकता है। चौबेबांधा से सिंधौरी मार्ग के चौड़ीकरण से गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और मेला आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

क्षेत्र का विकास कराना ही मेरा लक्ष्य है,जो काम वर्षों तक नहीं हो पाए थे उन कामों की स्वीकृति भी मेरे कार्यकाल में हो रही है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार डबल गति से क्षेत्र के विकास में सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है। इसके लिए मैं प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करता हूं। इसके पूर्व भी राजिम फिंगेश्वर महासमुंद मार्ग के लिए 147 करोड़ रुपए तथा कोपरा से पोखरा मार्ग के लिए 77 करोड़ रुपए की स्वीकृति हमारी सरकार ने दी है और कार्य भी द्रूत गति से जारी है। इसके अलावा राजिम ब्रिज से लेकर नए मेला मैदान तक फोरलेन सडक़ के लिए 37 करोड़ एवं राजिम से चौबेबांधा तक सडक़ चौड़ीकरण के लिए 9 करोड़ की स्वीकृति भी सरकार की ओर से मिली है। इस घोषणा के बाद से ही क्षेत्र के नागरिकों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि सडक़ की चौड़ाई बढऩे से विकास के नए द्वार खुलेंगे और क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक बेहतर हो जाएगी।


अन्य पोस्ट