गरियाबंद

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का एसपी ने किया निरीक्षण
29-Dec-2025 11:38 PM
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का एसपी ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 29 दिसंबर। गरियाबंद जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने 27 दिसंबर को जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थित पुलिस कैंप छिंदौला, ओढ़ एवं कुल्हाड़ीघाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंप में तैनात पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें दैनिक कर्तव्यों के साथ-साथ नियमित व्यायाम एवं योगाभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में तैनाती के बावजूद अनुशासन, स्वास्थ्य और सतर्कता ही पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत है।
कैंप भ्रमण के पश्चात पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने घोर नक्सल प्रभावित ग्राम छिंदौला, ओढ़, कुल्हाड़ीघाट एवं अमलोर के ग्रामीणों से रूबरू होकर संवाद किया। इस दौरान बच्चों, महिलाओं एवं ग्राम प्रमुखों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्कूल, भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सहयोग बनाए रखने और शांति एवं विकास के लिए प्रशासन का साथ देने की अपील भी की। इस दौरे से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है तथा ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।


अन्य पोस्ट