गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 27 अक्टूबर। शनिवार को राजधानी रायपुर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में देश-विदेश से आए डॉक्टर का समागम सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें नगर के दो वरिष्ठ चिकित्सकों को उनकी चिकित्सीय सेवा योगदान के लिए सम्मान किया गया। नवापारा नगर के वयोवृद्ध चिकित्सक डॉ. बलजीत सिंह जो विगत 55 वर्षों से अधिक नगर सहित ग्रामीण अंचलों के जनमानस की सेहत और स्वास्थ्य में अपनी अनवरत सेवाओं से एक अलग पहचान बनाई है। वहीं नगर के डॉ दिलीप शाह ने भी विगत 40 वर्षों से अधिक चिकित्सा पेशे में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

इस सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए अब उनकी दूसरी पीढ़ी भी पूरे मनोयोग से इस पेशे से जुड़े हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए विशेष कर ग्रामीण अंचलों में अटूट विश्वास इन डॉक्टरों पर है। इसी कारण उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह सहित विभिन्न सम्मानित हस्तिया सम्मिलित रहे। डॉ. बलजीत सिंह और डॉ दिलीप शाह का उनके योगदान के लिए सम्मानित होने पर नगर वासियों ने गौरवान्वित होते हुए उनके दीर्घायु की कामना की है।


