गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 24 सितंबर। फूलचंद अग्रवाल स्मृति कॉलेज में एआईएनएससी करने वाले कैडेट का स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें वर्ष 2024 एवं 2025 के चयनित कैडेट्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के उपप्राचार्य मनोज मिश्रा थे। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पूनम सिंह एवं सभी प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपप्राचार्य श्री मिश्रा ने कहा कि एआईएनएससी में चयन होना कॉलेज एवं क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। लेफ्टिनेंट डॉ. पूनम सिंह ने कैडेट्स को और ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
बताया गया कि वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय ने ऑल इंडिया नौसैनिक कैम्प (एआईएनएससी) में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 2025 में कैडेट्स की कठिन परिश्रम और लगन के परिणामस्वरूप निदेशालय ने कुल मिलाकर द्वितीय स्थान का गौरव हासिल किया। वर्ष 2024 से कैडेट कैप्टन रेश्मी साहू, पीओ कैडेट क्षमा और पीओ कैडेट खुशी का चयन हुआ था। वहीं 2025 से कैडेट कैप्टन अनुपमा साहू, पीओ कैडेट अंजली राजपूत और पीओ कैडेट दीक्षा रानी साहू ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
वर्ष 2024 में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय के कैडेट्स ने नाव खींचने की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल प्रथम स्थान प्राप्त किया और सिल्वर कॉक ट्रॉफी जीत ली। वहीं वर्ष 2025 में कैडेट्स ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा का परिचय देते हुए एआईएनएससी के इतिहास में पहली बार शिपमॉडलिंग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय ने कुल प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्हें स्वर्ण पदक और प्रतिष्ठित शिप मॉडलिंग ट्रॉफी भी प्रदान की गई।
इस खुशी के मौके पर बैच 2023 से कैडेट कैप्टन चारु साहू और पीओ कैडेट श्वेता साहू, जिन्होंने क्रमश: 2022 एवं 2023 में एआईएनएससी किया था, भी शामिल हुईं। दोनों कैडेट्स ने नई पीढ़ी के जूनियर कैडेट्स को बधाई देते हुए आगे बढ़ते रहने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
कॉलेज परिवार ने इस उपलब्धि को क्षेत्र का गौरव बताते हुए कैडेट्स को भविष्य में और ऊंचाइयां प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।


