गरियाबंद

जीएसटी की दरों में बदलाव से सभी वर्ग को मिलेगा लाभ - अग्रवाल
13-Sep-2025 4:56 PM
जीएसटी की दरों में बदलाव से सभी वर्ग को मिलेगा लाभ - अग्रवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 13 सितंबर। भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्याम अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी की दरों में बदलाव से आम आदमी, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग को मिलेगा सीधा फायदा होगा। इससे न केवल महंगाई पर काबू पाया जा सकेगा, बल्कि कारोबार आसान होगा और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।

घरेलू वस्तुओं के दाम होंगे कम

उन्होंने कहा कि टैक्स में ऐतिहासिक छूट के बाद अब जीएसटी के स्लैब को सरलीकृत कर दरों में कमी लाई गई है। इन सुधारों से भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा चुका है। उन्होंने बताया कि अब 5 प्रतिशत कर स्लैब में अधिकतर दैनिक उपभोग की वस्तुएं शामिल कर ली गई हैं। पहले 12 प्रतिशत स्लैब में आने वाली 99 प्रतिशत चीजों को घटाकर 5 प्रतिशत में लाया गया है। इससे डेली नीड्स ब्रेड, बिस्किट, नमकीन, चॉकलेट जैसी खाने-पीने की वस्तुएं सस्ती होंगी। वहीं घरेलू वस्तुएं भी अब कम दाम पर उपलब्ध होंगी। मध्यम वर्ग और युवाओं को राहत उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग और युवाओं को राहत देने के लिए 28 प्रतिशत स्लैब में आने वाली चीजों को 18 प्रतिशत पर लाया गया है। इससे दोपहिया वाहन, एसी, टीवी, डिशवॉशर और सीमेंट जैसी वस्तुएं सस्ती होंगी।

 ये कदम रियल एस्टेट और निर्माण कार्य को गति देगा और युवाओं के जीवन स्तर को भी नई दिशा देगा। श्री अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने जनहित में 40 प्रतिशत विशेष कर स्लैब लागू किया है, जिसमें पान मसाला, गुटखा, तंबाकू और कुछ लग्जरी वस्तुएं शामिल हैं। ये निर्णय समाज को नशे से दूर करने और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है।

जीएसटी में किसानों को भी बड़ी राहत

उन्होंने कहा कि किसानों को भी बड़ी राहत दी गई है, क्योंकि खेती-किसानी के उपकरणों, स्प्रिंकलर, ड्रिप सिंचाई प्रणाली और कटाई मशीनरी जैसी कृषि मशीनरी पर जीएसटी कम कर दिया गया है। कहा कि कई उपयोगी वस्तुओं पर कर शून्य कर दिया है और कई उत्पादों पर कर 10 प्रतिशत तक घटा दिया है। इससे आम जनता की बचत में बढ़ोतरी होगी वहीं किसानों का बोझ भी कम होगा और व्यापार-उद्योग को नई दिशा मिलेगी।


अन्य पोस्ट