गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 10 अगस्त। जतमई मार्ग पर रजनकटा और पांडुका के बीच शनिवार को एक सडक़ हादसे में पटेल दंपत्ति की मौत हो गई। पत्नी अपने भाई को राखी बांधकर पति के साथ रायपुर माना से बाइक से लौटते हुए पास ही के गांव खट्टी जा रही थी। खट्टी में पति को अपनी बहन से राखी बंधवानी थी। इससे पहले ही ये घटना हो गई। घटना में दो साल की बच्ची भी घायल है, उसकी हालत गंभीर बताई गई है। बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मारी थी। उससे पहले एक और बाइक सवार को टक्कर मारी। इस घटना में भी पास के गांव अतरमरा निवासी व्यक्ति घायल हो गया। वहीं घटना के बाद कार सवार कार को छोडक़र भाग गया। दोनों मृतक धमतरी के बारना गांव निवासी बताए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार घटना शाम 5 बजे की बताई जा रही है। पटेल दंपत्ति (मनोज 30 और मनीषा 27) धमतरी जिले के बारना गांव से रायपुर माना गए थे। वहां से मनीषा अपने भाई को रखी बांधकर पति के साथ खट्टी गांव पति की बहन के पास राखी बंधवाने आ रहे थे। तभी ईको वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी। दूसरा बाइक में दंपत्ति था। कार ने दंपत्ति को घसीट भी दिया। टक्कर के बाद पति-पत्नी और बच्ची दूर खेत में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तीनों को पीसीआर वैन से राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मनोज पटेल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने इको वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, मामला दर्ज कर आरोपी इको चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



