गरियाबंद

साहित्यकार संतोष सम्मानित
26-Jul-2025 4:11 PM
साहित्यकार संतोष सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 26 जुलाई। शहर के गायत्री मंदिर परिसर में चौबेबांधा निवासी कवि एवं साहित्यकार संतोष कुमार सोनकर मंडल को सम्मानित किया गया। लगातार उनके लेखन कार्यों से प्रभावित होकर प्रयाग साहित्य समिति राजिम के द्वारा साहित्यिक उपलब्धियां के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित दिल्लीवार कुर्मी समाज परिक्षेत्र के संरक्षक आसाराम वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कवि सोनकर लेखन के बदौलत राजिम क्षेत्र का नाम देशभर प्रतिस्थापित किया है। प्रतिष्ठित विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में अक्सर उनकी रचनाएं पढऩे को मिलती ही रहती है। यह कविता, कहानी और आलेख पर लगातार लिख रहे हैं निश्चित ही हमारे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। रत्नांचल जिला साहित्य एवं जन कल्याण समिति गरियाबंद के अध्यक्ष जितेंद्र सुकुमार साहिर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि साहित्य को अक्सर पर्यायवाची रूप से लेखन कहा जाता है विशेष रूप से रचनात्मक लेखन और काव्यात्मक रूप से लेखन की कला कहा जाता है। कोई ऐसे ही साहित्यकार नहीं बन जाता है इसके लिए खूब मेहनत करनी होती है।

श्री सोनकर विगत 25 सालों से धर्म अध्यात्म तथा सकारात्मक विषयों पर कलम चला रहे हैं। इन्हें सम्मानित करके हमारी प्रयाग सहित्य समिति अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रही है। प्रयाग साहित्य समिति के संरक्षक नूतन लाल साहू ने कहा कि साहित्य समय मांगता है साहित्यकार जब बूढ़ा होता है तब उनकी लेखनी जवान होती है। राजिम में लंबे समय से साहित्यिक गतिविधियां निरंतर चली आ रही है पंडित सुंदरलाल शर्मा से लेकर पुरुषोत्तम अनासक्त, संत कवि पवन दीवान, कृष्ण रंजन इत्यादि के अलावा अनेक रचनाकारों की लेखनी निरंतर इस बात की गवाही है कि राजिम साहित्य के क्षेत्र में अत्यंत समृद्ध है।

 प्रयाग साहित्य समिति के अध्यक्ष टीकमचंद सेन ने कविता पढ़ते हुए मां की महिमा का गुणगान किया।

 हास्य व्यंग्य के कवि संतोष सेन के व्यंग्य की बानगी देखिए-शराब स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है या हानिकारक मैं नहीं जानता, पर इतना जरुर जानता हूं कि इससे प्रशासन की सेहत अच्छी रहती है। जितेंद्र सुकुमार साहिर ने गजल भी प्रस्तुत किया, पेश हैं।

साहित्यकार संतोष कुमार सोनकर मंडल ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहित्य वह कृति है जो संस्कृति का संचार करती है। वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल सेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ी साहित्य का क्षेत्र विराट है। ज्यादा से ज्यादा छत्तीसगढ़ी में रचनाएं लिखें और उन्हें आगे बढ़ाने में लगे रहे।

 इस कार्यक्रम में श्री सोनकर को जन्मदिन की बधाई भी दी गई।


अन्य पोस्ट