गरियाबंद

कॉलेज छात्रा ने किचन में फांसी लगाकर की खुदकुशी
09-Jul-2025 3:33 PM
कॉलेज छात्रा ने किचन में फांसी लगाकर की खुदकुशी

गोल्डन गर्ल के नाम से मिली थी पहचान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम/गरियाबंद , 9 जुलाई। छुरा में एक कॉलेज छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र की है।

छात्रा का शव फंदे से लटका मिला

जानकारी के अनुसार छुरा नगर के आवासपारा निवासी संध्या साहू ने घर के कीचन में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त संध्या की मां नहाने गई थी। नहाकर लौटी, तो संध्या को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया और चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने संध्या को फंदे से नीचे उतारा। घटना की सूचना पड़ोसियों ने छात्रा के पिता को दी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल छुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की गहनता से जांच के लिए पुलिस ने फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। संध्या के पिता स्कूल बस के ड्राइवर का काम करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

मेहनती और होनहार  छात्रा थी संध्या

स्थानीय लोगों के अनुसार संध्या ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी। वह मेहनती, अनुशासित और होनहार छात्रा थी। बताया गया कि संध्या ने अब तक चार गोल्ड मेडल और दो अन्य मेडल जीते थे। इसलिए संध्या को ‘‘छुरा की गोल्डन गर्ल’’ के नाम से पुकारा जाता था। वह खेलकूद में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी थी। इसके अलावा उड़ीसा के भुनेश्वर, रायपुर स्कूल स्टेट चौम्पियनशिप में गोल्ड, गरियाबंद जिला स्तरीय स्पर्धा में गोल्ड, बालोद प्रतियोगिता के अलावा कोलकाता, राजस्थान के बिकानेर में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सम्मानित हो चुकी है। अपने शानदार प्रदर्शन के कारण वह जिले में पहचानी जाती थी।

छात्रा की मौत सेकई सवाल उठे

छात्रा की मौत से यह सवाल उठ रहा है कि राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नाम दर्ज होने के बाद क्या कुछ ऐसी मजबूरी रही होगी जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है।

खेल और शिक्षा दोनों में अव्वल रहने वाली इस प्रतिभाशाली छात्रा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।


अन्य पोस्ट