गरियाबंद

बृजमोहन ने मांगा रोहित के लिए जीत का आशीर्वाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 22 अगस्त। सावन के सातवें सोमवार को धर्म नगरी में शिव भक्तों का सुबह से देर शाम तक मेला लगा रहा। वहीं कांवर यात्री भी जल चढ़ाने पहुंचे। श्री राजीव लोचन कुलेश्वर नाथ बोल बम कांवरिया संघ ने बाबा गरीबनाथ महादेव में सहस्त्र जलाभिषेक किया गया। भक्तगण भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए टूट पड़े। मंदिर परिसर का क्षेत्र भक्तों से खचाखच भरा हुआ था।
भक्तगण अपने साथ में नारियल, अगरबत्ती, फुंडहर, बेलपत्र आदि पूजन सामग्री भोलेनाथ में चढ़ाकर पूजा अर्चना किए। सुबह 11 बजे पंडितों के मंत्रोचारण के बीच सहस्त्र जलधाराभिषेक का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। भक्तों द्वारा मानव श्रंृखला बनाकर नदी से मंदिर तक बाल्टी में पानी भरकर एक-दूसरे के हाथों में देते हुए मंदिर तक पहुंचाते गए। इस तरह 3 घंटे से भी ज्यादा समय तक जलाभिषेक पंडितों के मंत्रोच्चारण के साथ चलता रहा। जलाभिषेक समाप्त होने के बाद सभी भक्तों को बूंदी, पूरी एवं हलवा का प्रसाद बांटा गया।
राजिम विधानसभा के भाजपा उम्मीदवार रोहित साहू बाबा गरीबनाथ मंदिर में आयोजित जलाभिषेक कार्यक्रम में पहुँचे। छग के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल के साथ भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू एवं राजिम भाजपा के वरिष्ठ नेतागण सहस्त्र धारा जलाभिषेक में पहुँचकर बाबा गरीबनाथ व उपस्थित जनसमुदाय से जीत का आशीर्वाद मांगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने भी बाबा गरीबनाथ की पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों के समृद्धि की कामना कर लोगों से भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू को जिताने की बात कही। भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू ने कहा कि राजिम तीर्थनगरी कमलक्षेत्र है और निश्चित तौर पर इस कमल क्षेत्र में भाजपा का कमल खिलना तय है। इस दौरान वरिष्ठ नेता राजू सोनकर, पार्षद टंकु सोनकर, लाला साहू, रिकेश साहू, लोकनाथ साहू सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता तथा विशाल संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। इस दौरान भाजपा नेताओं ने श्रद्धालुओं को प्रसादी का भी वितरण किया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू ब्लॉक मुख्यालय फिंगेश्वर पहुँचकर वरिष्ठ नेताओं से मिलकर उनका आशीर्वाद व सहयोग मांगा जिसमें प्रमुख रूप से अशोक राजपूत, पूनम यादव पूर्व मंडल अध्यक्ष फिंगेश्वर, भुवन साहू भाजपा किसान मोर्चा, जगदीश यदु अध्यक्ष नगर पंचायत फिंगेश्वर, रोशन देवांगन, महवीर यादव वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा, राजु साहू उपाध्यक्ष भाजयुमो जिला गरियाबंद व अनेक कार्यकर्ता शामिल हैं।