दुर्ग

रेलवे के कबाड़ से बनी आकर्षक कलाकृतियां
15-Jul-2021 9:20 AM
रेलवे के कबाड़ से बनी आकर्षक कलाकृतियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 जुलाई। 
रेलवे दुर्ग के कोचिन यार्ड में काम करने वाले मशहूर मूर्तिकार अशोक देवांगन ने वेस्ट से बेस्ट बनाने का अविस्मरणीय कार्य किया है।  वर्तमान में उन्होंने उत्तरप्रदेश के झांसी में रेलवे के कबाड़ से ऐसी कलाकृतियों का सृजन किया है कि सहसा आंखों पर विश्वास न हो. अशोक देवांगन ने दुर्ग, भिलाई, रायपुर में भी कचरे से अनेक कलाकृतियां बनाई है, जो अद्वितीय है।  झांसी में उनके द्वारा बनाई जा रही कृतियां न सिर्फ रेल्वे के व्यर्थ लौह स्क्रेपों का श्रेष्ठतम निष्पादन कर रहा है वरन विभाग की सुंदरता में भी चार चांद लगा रहा है।  यहां उनके द्वारा बनाए गये 40 फीट लंबे गेटवे ऑफ इंडिया, 20 फीट उंचे इंडिया गेट और 35 फीट उंचे वार मेमोरियल से यह स्थान पर्यटन स्थल बन गया है. कल तक जिस कबाड़ से लोग दूर भागते थे आज उसी कबाड़ के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे हैं। 

झांसी के मुख्य कारखाना प्रबंधक आर.डी. मौर्या ने कहा है कि निरंतर एक ही किस्म के कार्य कर रहे कर्मचारियों में ऐसे कलात्मक कार्यों से एक नई उर्जा का संचार होता है।  इन कलाकृतियों के निर्माण में अशोक गुप्ता, सुदामा राय, यूनिस खान, मुकेश, ललित तथा अरविंद गुप्ता अपना योगदान दे रहे हैं।  अशोक देवांगन ने झांसी में बनाए जाने वाले इन कलाओं के लिए दुर्ग कोचिन डिपो के अधिकारी रामनारायण साहू तथा वरिष्ठ अनुभाग अभियंता रविन्द्र गिरि के प्रति कृतज्ञता जाहिर की है जो उन्हें दूसरे विभागों में भी कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। 

 


अन्य पोस्ट