दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जुलाई। युकां के राष्ट्रीय सचिव मो. शाहिद के खिलाफ एक और शिकायत थाने में हुई है। भिलाई के खुर्सीपार थाने में प्रार्थी अनुज शर्मा ने शिकायत की है। इस बार मो. शाहिद ने अपने ही दोस्त को 3.2 लाख का चूना लगा दिया है।
अर्जुन शर्मा ने शिकायत करते हुए कहा है कि मोहम्मद शाहिद का पुराना साथी हूं, छात्र राजनीति के समय से उनके साथ जुड़ा हुआ हूं। मोहम्मद शाहिद द्वारा मेरे से गाड़ी की खरीदी के नाम पर 1,50,000 रुपए नगदी ले लिया। अपने पारिवारिक कार्य के लिए 1,00,000 रुपये और कई बार 20,000 और 30,000 रुपए 2-4 दिन में वापस कर दूंगा कहकर लिया. कुल 3,20,000 रुपये मुझे शाहिद से लेने है। कई बार बैठकर हिसाब भी किया, लेकिन अब तक वापस नहीं किया। मेरे द्वारा लगातार पैसे की मांग की जा रही फिर भी वापस नहीं कर रहा। अब परेशान होकर प्रार्थी ने खुर्सीपार थाना में शिकायत कर दी। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।