दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जुलाई। जिले में इस साल अब तक सामान्य से लगभग 100 मिलीमीटर अधिक बारिश हो चुकी है, फिर भी प्रमुख बड़े जलाशय खाली है। जलाशयों में जलभराव के लिए झड़ी का इंतजार है। कृषि भूमि के सर्वाधिक क्षेत्रों की सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति करने वाले तांदुला जलाशय में अभी तक कुल क्षमता का मात्र 8 फीसदी जल भरा हुआ है। इसी प्रकार खरखरा जलाशय में 17 एवं गोंदली में 40 फीसदी जलभराव है। सबसे अधिक खपरी जलाशय में 65 फीसदी जलभराव हो चुका है।
तांदुला जल संसाधन विभाग के सुरेश पांडे का कहना है कि नदियों में अभी पानी का प्रवाह नहीं होने की वजह से जलाशयों में जलभराव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि गत वर्षों की तुलना में आज की तिथि में जलाशयों में जलभराव बहुत कम है। तांदुला जलाशय में रिजर्व पानी खाली कर जलाशय के गेट का संधारण किया गया था। इस कारण भी तांदुला जलाशय में बहुत कम पानी है।
गौरतलब है कि जिले में इस साल अब तक 368.6 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है जो कि सामान्य औसत वर्षा 274.1 मिलीमीटर से काफी अधिक है।
इस साल अब तक लगातार बारिश से झड़ी की स्थिति नहीं बनी है। कुछ घंटे बारिश होने के बाद थम जा रही है, जिससे बारिश का पानी खेतों व मैदानों में ही अवशोषित हो जा रही है. नदी नालों में तेज प्रवाह की स्थिति इसकी वजह से अब तक नहीं बन पाई, जिससे कि जलाशयों में जलभराव हो सके।