दुर्ग
उतई, 10 जुलाई। भाजपा नेत्री एवं सदस्य जिला पंचायत दुर्ग हर्षा लोकमनी चन्द्राकर ने विज्ञप्ति जारी कर शासन प्रशासन से मांग की कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए बच्चों के स्कूलों को भी खोला जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले ढेड़ साल से पूरा भारत कोरोना की चपेट में रहा है, जिसके चलते लगभग हर जगह लॉकडाउन करना पड़ा था, आर्थिक के साथ जनहानि भी उठाना पड़ा था, कोरोना के कारण जहां एक तरफ लोगों को जन धन की क्षति हुई है वहीं बच्चों की शिक्षा पूरी तरह चरमरा गई है।
शासन, प्रशासन ने ऑनलाइन क्लास, मोहल्ला क्लास, बुल्टू के बोल आदि विभिन्न माध्यमों से बच्चों की शिक्षा की वैकल्पिक व्यवस्था की। लेकिन फिर भी आशानुरूप सफलता नहीं मिली। पिछले 2 वर्षो से शिक्षा के स्तर में लगातार गिरावट आई है। अधिकांश पालक अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंतित हैं। पालक अब ये मांग कर रहे हैं कि स्कूल जल्द ही खोला जाये। जहां एक तरफ सभी संस्थानों को खोला जा रहा है।
यहां तक कि शॉपिंग माल, कोचिंग संस्थान, शराब की दुकान, बाजार सब खुल चुके हैं, तो बच्चों का स्कूल भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए खोला जाना चाहिए। दर्ज संख्या के आधार पर आधे बच्चों को प्रतिदिन बुलाकर भी कक्षायें लगाई जा सकती है। पालकों की सहमति के आधार पर विद्यालय खोले जा सकते हैं। एक ओर जहां बिना मूलभूत सुविधाओं के मोहल्ला क्लास, ऑनलाइन क्लॉस लगाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सर्वसुविधायूक्त विद्यालयों मेंं बच्चों की कक्षा लगाना ज्यादा सुरक्षित है।