दुर्ग

सडक़ बदहाल, गड्ढों से हो रहे हादसे
10-Jul-2021 5:46 PM
सडक़ बदहाल, गड्ढों से हो रहे हादसे

अभियान चलाकर मरम्मत का काम करें- वोरा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जुलाई।
विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग शहर की खस्ताहाल सडक़ों को लेकर पीडब्लूडी विभाग पर जमकर नाराजगी जताई। वोरा ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश का पानी भरने से लोग इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। वोरा ने पीडब्लूडी अफसरों को जिला मुख्यालय की सडक़ों पर सुगम यातायात की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।  वोरा ने निगम कमिश्नर से कहा है कि अमृत मिशन के तहत सडक़ों पर खोदे गए गड्ढों को भरने का काम तत्काल किया जाना चाहिए। 

वोरा ने जीई रोड, आईएमए चौक, स्टेशन रोड, फरिश्ता काम्पलेक्स और इंदिरा मार्केट के पास खस्ताहाल सडक़ों का जायजा लिया। इन प्रमुख सडक़ों पर खतरनाक गड्ढे हैं। जीई रोड पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने और बस स्टैंड के सामने फरिश्ता काम्पलेक्स की ओर जाने वाले रोड पर काफी गहरे गड्ढे हैं। आवागमन के दौरान इन गड्ढों में वाहनों के फंसने से लोग एक्सीडेंट का शिकार हो रहे हैं। रात के समय गड्ढों के कारण वाहनों में सवार लोगों को चोट लग रही है. वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। 

विधायक ने फरिश्ता काम्पलेक्स और इंदिरा मार्केट में कुआं चौक के पास गड्ढे भी देखे। वोरा ने   पीडब्लूडी अफसरों को फोन करते हुए कहा कि अभियान चलाकर प्रमुख सडक़ों की गड्ढों को भरने का काम किया जाना चाहिए। गड्ढे की फिलिंग न होने से लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। आवश्यकतानुसार पैच वर्क कर सडक़ों की मरम्मत का काम किया जाए। वोरा ने शहीद चौक से आईएमए चौक होते हुए धमधा नाका रेलवे क्रासिंग की सडक़ की दुर्दशा देखकर कड़ी नाराजगी जताई। यहां की सडक़ बेहद ऊबड़-खाबड़ है. आईएमए चौक के आसपास तो सडक़ की दुर्गति हो चुकी है। रोड के किनारे नाली का गंदा पानी भरा है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। 

आसपास के नागरिकों ने सडक़ की दुर्गति की शिकायत के साथ ही रात के समय प्रकाश व्यवस्था न होने से अंधकार की समस्या की जानकारी दी। वोरा ने नगर निगम के अफसरों को प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। वोरा ने कहा है कि पूरे शहर में जहां-जहां स्ट्रीट लाइट बंद है, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जाए। इसके अलावा निगम की सडक़ों की मरम्मत और गड्ढों की फिलिंग के कार्य भी प्राथमिकता से होना चाहिए। वोरा ने अफसरों से कहा है कि किसी भी सूरत में जनता से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में कोताही न करें।
 


अन्य पोस्ट