दुर्ग

चाकू से वार करने वाले तीन पकड़ाए
10-Jul-2021 5:46 PM
चाकू से वार करने वाले तीन पकड़ाए

कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 जुलाई। बीती रात तीन आरोपियों ने प्रार्थी के घर पहुंच कर गाली गलौज  करते हुए प्राणघातक हमला किया था। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी राजेश बागड़े एवं टीम ने घटना के बाद ही आरोपियों को पकड़ लिया था। 

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी शिव सारथी हरनाबांधा निवासी है और जिला अस्पताल में कार्यरत है। 8 जुलाई की रात लगभग 10 बजे अपने घर में था। उसी समय उसके दोस्त करण सारथी ने फोन करके प्रार्थी को बताया कि आपकी पत्नी पर बुरी नजर रखने वाला रॉकी उर्फ मंथन आपके घर के सामने खड़ा है और गाली गुप्तार कर रहा है। जब प्रार्थी ने बाहर निकल कर देखा तो आरोपी राकी उर्फ मंथन ओसरिया अपने साथी अभिषेक ओसरिया और विक्की के साथ खड़ा होकर गाली गुप्तार कर रहा था। 

इस पर प्रार्थी ने कहा कि तुम लोग मेरे घर के सामने क्यों गाली गलौज कर रहे हो और मेरी पत्नी पर बुरी नजर क्यों रखते हो। इस पर आरोपियों ने प्रार्थी को जमीन पर पटक दिया और हत्या करने की नियत से चाकू से वार किया। इससे प्रार्थी के आंख के ऊपर, माथे में तथा कान के पास चोट लगी। बीच-बचाव करने शिव सारथी का जीजा ईश्वर सारथी आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट करते हुए पेट में चाकू मार दिया।
 


अन्य पोस्ट