दुर्ग

नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी की शिकायत
05-Jul-2021 4:32 PM
नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी की शिकायत

  युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सचिव पर जुर्म दर्ज  

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 5 जुलाई।
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद शाहिद एवं प्रदेश सचिव जुल्फिकार अली पर युवकों से नौकरी लगाने के नाम पर  5.35 लाख की ठगी की शिकायत पर कल देर रात को खुर्सीपार थाने में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। युवकों ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक दुर्ग को भी भेजी है। 

थाना प्रभारी खुर्सीपार दुर्गेश शर्मा ने बताया कि जोन 2 वार्ड 30 निवासी अश्विनी कौशल और कैंप 2 निवासी भुपेंद्र देवांगन ने मोहम्मद शाहिद एवं जुल्फिकार अली के खिलाफ 2 जुलाई को शिकायत की थी। अश्विनी ने बताया है कि 2016 में सीजी व्यापमं द्वारा छात्रावास अधीक्षक (हास्टल वार्डन) की सरकारी नौकरी के लिए विज्ञापन जारी किया था। मो. शाहीद ने अपनी ऊंची पहुंच बताते हुए उससे और दो साथी मदन कौशल और भूपेन्द्र को सरकारी नौकरी लगाने की झांसा दिया। प्रति व्यक्ति 4 लाख रुपये में हास्टल वार्डन की नौकरी लगाने की वादा किया। इसके लिए 2 लाख रुपये एडवांस और 2 लाख रुपये नौकरी लगने के बाद देने का सौदा तय हुआ। तीनों ने उस पर विश्वास करके कुल 5.35 लाख रुपए दे दिए थे। 

अश्विनी ने बताया कि मदन और भूपेन्द्र के साथ नौकरी के लिए पैसे की व्यवस्था की। तीनों ने 5 लाख 35 हजार रुपये नगद अग्रिम भुगतान के तौर पर अश्वनी के घर पर  मां-बाप और भूपेन्द्र के पिता देवदास के सामने मो. शाहीद और जुल्फीकार को दिए। व्यापमं का परिणाम घोषित होने पर पता चला कि सूची में तीनों का नाम शामिल नहीं है। इसके बाद मो शाहीद से पैसा वापस मांगे,लेकिन चार साल बीत गए उसने पैसे नहीं लौटाए। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत की जांच पर से गवाहों के बयान पर से प्रथम दृष्टया मोहम्मद शाहिद एवं जुल्फिकार अली के खिलाफ कल देर रात को भादवि की धारा 420, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।


अन्य पोस्ट