दुर्ग
उतई कॉलेज में सेवानिवृत्ति पर दी विदाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 3 जुलाई। अपने 37 वर्षों के सुदीर्घ और सफल सेवा के बाद शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई के प्राचार्य डॉ. कोमल सिंह शार्वां सेवानिवृत्त हो गए। इसी दिन महाविद्यालय में लंबे समय से पदस्थ भृत्य शोभाराम कुर्रे भी सेवानिवृत्त हुए। महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।
इस अवसर पर डॉ. कोमल सिंह शार्वां ने सबके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राचार्य अभिभावक की तरह होता है। एक अच्छे संस्था प्रमुख को समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के सुख-दु:ख का ख्याल रखना चाहिए। मैंने अपनी क्षमता अनुसार इस दिशा में कोशिश की। किसी भी संस्था में सारे सदस्य एक जैसे नहीं होते। सबके बीच सामंजस्य कायम करते हुए काम लेना ही संस्था प्रमुख की खासियत होती है। मेरा कार्यकाल कोरोना के संकट से प्रभावित रहा, पर इस संकटपूर्ण दौर में भी हमारे साथियों ने हमें भरपूर सहयोग दिया। कार्य करने के दौरान संकट और समस्याएँ आती हैं पर कार्य करने वाले को रास्ते भी मिलते है। मैंने जीवन के प्रारंभिक वर्षों में काफी संघर्ष किया। मैं किसान का बेटा रहा हूँ। प्रारंभिक जीवन में वकालत के अनुभव ने मुझे शासकीय कार्यों में मदद पहुँचाई।’
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. ए. के. मिश्रा ने कहा कि ‘बड़ा आदमी वह होता है, जो दूसरों को कभी छोटा नहीं समझता। डॉ. शार्वां छोटे-बड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति समदर्शी रहे।
अंग्रेजी के प्राध्यापक डॉ. अब्दुल अलीम खान ने कहा कि डॉ. शार्वां एक लोकप्रिय प्राचार्य हैं। कॉलेज के स्टाफ के साथ नगर पंचायत और आसपास के लोग भी उनके कार्यों से प्रसन्न हैं। उन्होंने अपने पद को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। वे एक व्यक्ति नहीं, व्यक्तित्व हैं। महाविद्यालय के समस्त सदस्यों ने शोभाराम कुर्रे के कार्य की भी सराहना की और दोनों सेवानिवृत्त सदस्यों के स्वस्थ और सुखमय की जीवन की कामना की।
शोभाराम कुर्रे ने महाविद्यालय में बिताये अपने खूबसूरत स्मृतियों को ताजा किया। इस अवसर पर दोनों सेवानिवृत्त व्यक्तियों का शॉल, श्रीफल से सम्मानित कर स्मृति चिन्ह् प्रदान किया गया। विदाई समारोह का सफल संचालन डॉ. पी. बसंत कला ने किया।
आभार ज्ञापित करने का कार्य डॉ. पंकज सोनी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के भूतपूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि भीषम हिरवानी, वर्तमान जनभागीदारी अध्यक्ष डॉ. प्रह्नलाद वर्मा तथा जनभागीदारी के अन्य सदस्य तथा डॉ. शार्वां एवं शोभाराम कुर्रे के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के समस्त सदस्य ससम्मान शोभाराम कुर्रे एवं डॉ. शार्वां के साथ उनके घर तक गए।