दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 जुलाई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2020-21 में छात्र हित में अनेक निर्णय लागू किए गए हैं। इसका सीधा लाभ विश्वविद्यालय में अध्ययनरत नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों को मिल रहा है। यह जानकारी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा ने विद्यार्थियों के प्रतिनिधि मण्डल के साथ चर्चा करते हुए दीं।
डॉ. पल्टा ने बताया कि पूर्व के वर्षों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा आवेदन करते समय लिया जाने वाला प्रोसेसिंग शुल्क 35 रुपये सत्र 2020-21 से पूर्णत: माफ कर दिया गया है। इसी प्रकार यदि किसी छात्र के आवेदन पत्र में छात्र द्वारा भूलवश कोई त्रुटि हो जाती थी तो उस त्रुटि के निराकरण हेतु संबंधित विद्यार्थी को महाविद्यालय में 120 रुपये देना होता था। कुलपति डॉ.पल्टा ने विद्यार्थियों के उपर आने वाले इस प्रकार के आर्थिक भार को कोविड-19 की परिस्थितियों में संज्ञान लेते हुए महाविद्यालय में पूर्णत: नि:शुल्क त्रुटि सुधार प्रक्रिया लागू की है।
डॉ.पल्टा ने विद्यार्थियों को बताया कि उन्होंने प्राचार्यों की ऑनलाइन बैठक लेकर यह आग्रह किया था कि सत्र 2020-21 में कोरोना की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनभागीदारी शुल्क न लिया जाए। जिस पर अमल करते हुए अनेक महाविद्यालयों ने विद्यार्थियों से लिया जाने वाला जनभागीदारी शुल्क लगभग 300-500 रुपये माफ कर दिया है। विश्वविद्यालय के पोटिया स्थित नवीन भवन के निर्माण में देरी के संबंध में विद्यार्थियों द्वारा ध्यान आकृष्ट करायें जाने पर डॉ. पल्टा ने कहा कि कोरोना के कारण लॉकडाउन की वजह से निर्माण कार्य में विलंब अवश्य हुआ है, परन्तु अब स्थितियां सामान्य होने पर वे स्वयं निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु हर संभव प्रयास कर रही है। इस संबंध में उनकी लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा भी हुई हैं।
विद्यार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में दूरस्थ स्थानों से आने वाले विद्यार्थियों हेतु बैठक व्यवस्था, शेड लगाने आदि की मांग पर सहमति जताते हुए डॉ। पल्टा ने कहा कि शीघ्र इस संबंध में विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को और अधिक सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास करेगा।
विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा शुल्क की राशि वापस किए जाने संबंधी मांग पर जानकारी देते हुए डॉ.पल्टा ने बताया कि 6 अपै्रल को लॉकडाउन के पूर्व दुर्ग विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा के ऑलाइन आयोजन संबंधी सम्पूर्ण तैयारी जैसे- प्रश्नपत्रों की रचना, उनकी छपाई, तथा प्रश्नपत्र परीक्षकों को मानदेय का नगद भुगतान आदि कर लिया गया था। वर्तमान में भी सेमेस्टर तथा वार्षिक परीक्षाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रगति पर है। प्रत्येक मूल्यांकनकर्ता प्राध्यापक को मूल्यांकन कार्य हेतु विश्वविद्यालय द्वारा नगद राशि भुगतान किया जा रहा है। साथ ही दुर्ग विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 138 महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं के संग्रहण हेतु केन्द्र बनाया गया है। इन केन्द्रों से उत्तरपुस्तिकाएं विश्वविद्यालय तक लाने हेतु विश्वविद्यालय के वाहनों के डीजल खर्च एवं रखरखाव में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। डॉ. पल्टा ने समस्त विद्यार्थियों को जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में किसी भी प्रकार के शुल्क लेने अथवा शुल्क वापसी का निर्णय राज्य शासन ही कर सकता है। विश्वविद्यालय द्वारा अपने स्तर पर इस प्रकार के वित्त संबंधी निर्णय नहीं लिए जा सकते हैं।