दुर्ग
वेज रिवीजन को लेकर चल रहा था शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 जुलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के बाहर वेज रिवीजन के लिए शांतिपूर्ण काम बंद हड़ताल के दौरान देर रात 10.30 बजे संयुक्त ट्रेड यूनियन के आंदोलनकारियों पर पुलिस द्वारा जमकर लाठियां बरसाई गई।
बताया जाता है कि प्रबंधन एवं पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से पुलिस के वाहनों में बैठा कर कर्मचारियों को मेन गेट से संयंत्र के भीतर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। आंदोलित संयुक्त ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों ने जब पुलिस वाहनों को रोकने का प्रयास किया। जिससे क्रोधित होकर पुलिस प्रशासन के द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाई गई। लाठीचार्ज में एचएमएस यूनियन के केरल में एसएस मिश्रा महासचिव, प्रमोद मिश्रा सहित 10 नेता घायल हो गये हैं। यह प्रदर्शन कर्मचारी वेज रिवीजन सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर संयंत्र के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
कर्मचारियों को संयंत्र के भीतर ले जाने के दौरान विवाद बढ़ गया। जिसके बाद संयंत्र ने पुलिस बल बुलवाकर लाठीचार्ज की घटना को अंजाम दिया है।
सेल व्यापी एक दिवसीय काम बंद हड़ताल के साथ 30 जून को संयुक्त ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं बीएसपी कर्मी वेज रिवीजन को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। बीएसपी सहित सेल के विभिन्न यूनिट के 56 हजार से भी अधिक कर्मचारियों का वेतन समझौता चार साल से लंबित है।
यूनियन के दबाव के बाद विगत सप्ताह 6 दिन तक नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील एनजेसीएस की मैराथन बैठक के बावजूद वेतन समझौते को लेकर यूनियन एवं प्रबंधन के पक्ष सहमति नहीं बन पाई थी। इस पर सभी यूनियन केवल इंटक को छोडक़र तय किया गया कि हड़ताल की जाएगी। जिसके तहत 28 जून को सांकेतिक रूप से काला बिल्ला लगाकर कर्मचारियों ने काम किया। दूसरे दिन एक दिवसीय भूख हड़ताल की गई एवं तीसरे दिन 30 जून एक दिवसीय काम बंद हड़ताल के तहत शांतिपूर्ण प्रदर्शन संयंत्र के पांचों ही गेट में सुबह 5 बजे से जारी था। दोपहर तक आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था।
एचएमएस यूनियन के महासचिव प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोपहर 3 बजे के करीब संयंत्र प्रबंधन के द्वारा भिलाई विद्यालय मैदान पर कुछ बीएसपी कर्मचारियों को बुलाकर सीआईएसएस की बस में बैठाकर संयंत्र के भीतर ले जाने का प्रयास किया गया।
यूनियन को जानकारी होने पर बस को सेक्टर वन चौक पर ही रोक दिया गया। इससे प्रबंधन नाराज हो गया था और रात होते ही मुर्गा चौक के आसपास स्वचालित प्रकाश व्यवस्था को बंद कर दिया गया। इसके बाद पुन: बीएसपी कर्मियों को प्लांट के अंदर प्रवेश कराने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए, ताकि काम को शुरू कराया जा सके।
प्रमोद मिश्रा ने बताया कि देर रात को भिलाई निवास में बीएसपी कर्मचारियों को बुलाया गया। वहां पर पुलिस प्रशासन की तीन मिनी बसों में कर्मचारियों को बैठाकर मेन गेट के माध्यम से अंदर प्रवेश कराने लगे। एक वाहन गुजरने के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने देखा कि बस में संयंत्र के कर्मी बैठे हुए हैं, जिसका विरोध किया और रोकने का प्रयास किया, परंतु एक बस के ड्राइवर ने तेजी से वाहन अंदर प्रवेश करा दिया, जबकि तीसरे वाहन को प्रदर्शनकारियों के द्वारा अंदर जाने से रोक दिया गया और बस में बैठे बीएसपी कर्मचारियों को वाहन रोकने के बाद नीचे उतारने लगे। इसी दौरान पीछे से पुलिस प्रशासन के द्वारा लाठीचार्ज कर दिया।
इस लाठीचार्ज की घटना में प्रमोद मिश्रा ने बताया, उन्हें एचएमएस के चेयरमैन एचएस मिश्रा सहित एक दर्जन यू प्रदर्शनकारियों को चोटे आई है। श्री मिश्रा ने आरोप लगाया कि योजनाबद्ध ढंग से प्रबंधन एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे आंदोलन पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज की कार्रवाई की गई है।