दुर्ग
दुर्ग, 30 जून। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं वेयरहाउसिंग के चेयरमैन अरुण वोरा ने कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं कांग्रेस आलाकमान के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं बल्कि शहर के सभी नागरिकों का है। जनता के ही आशीर्वाद से उन्हें प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है और दुर्ग शहर उनके लिए परिवार समान है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न निगम मंडल अभिकरण बोर्ड प्राधिकरण में मनोनीत अध्यक्षों को कैबिनेट और राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक दुर्ग शहर विधायक व छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। इनके अलावा 12 अन्य को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। श्री वोरा ने साथी विधायकों को भी केबिनेट दर्जा मिलने पर बधाई प्रेषित की है। शासन द्वारा सूची जारी किए जाने के साथ ही विधायक वोरा के निवास में बधाई देने वालों का तांता लग गया। महापौर धीरज बाकलीवाल, शहर अध्यक्ष गया पटेल, ब्लाक अध्यक्षों एवं निगम की एमआईसी सहित समस्त कांग्रेस जनों ने वोरा को बधाई दी।