दुर्ग
दुर्ग, 23 जून। छत्तीसगढ़ राज्य सडक़ सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक में समिति के सदस्य एवं कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का गृह जिला एवं संभागीय मुख्यालय होने के अनुरूप शहर में ट्रैफिक एवं यातायात की व्यवस्था बेहतर किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सभी चौक चौराहों में सीसी टीवी कैमरों की व्यवस्था कर उसका संचालन एवं मेंटेनेंस नगर निगम को दिया जाए। दुर्घटना से बचाव के लिए निर्माणाधीन मुख्यमार्ग के दोनों ओर बेरिकेटिंग लगाने के साथ ही समय-समय पर लगातार ब्रेकरों एवं रोड साइड में मार्किंग का रिनिवल कराया जाए। महाराजा चौक, शहीद चौक, करहीडीह चौक, मिनीमाता चौक में ट्रैफिक सिग्नल शुरू किए जाएं। सडक़ किनारे पड़े बिल्डिंग मटेरियल, कंडम गाडिय़ों एवं अवैध होर्डिंग्स की शिफ्टिंग के साथ-साथ रोड सेफ्टी के कार्यों जैसे कैट आई, पेड़ों की रंगाई पुताई आदि के लिए प्रतिवर्ष जिलेवार राशि की स्वीकृति दी जाए, जिससे शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के लिए मदद मिल सके। सडक़ों की सेंटर लाइट में अधिक वोल्टेज और प्रकाश वाली लाइट लगाने का प्रावधान अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। श्री वोरा ने ट्रैफिक पेट्रोलिंग एवं ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर ट्रैफिक पुलिस बीट बनवाने की भी बात कही।