दुर्ग

वैक्सीनेशन केंद्र की असुविधा देख सरोज ने कलेक्टर को पत्र लिखा
22-Jun-2021 7:05 PM
वैक्सीनेशन केंद्र की असुविधा देख सरोज ने कलेक्टर को पत्र लिखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 जून। राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने दुर्ग के कोविड वैक्सीनेशन केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था को सुधारने दुर्ग जिलाधीश को पत्र लिख कर निर्देशित किया है। 
सांसद सरोज पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के सभी नागरिकों के लिए नि:शुल्क कोविड वैक्सीनेशन का अभियान प्रारंभ किये जाने के अवसर पर धमधा रोड स्थित शासकीय वैक्सीनेशन केंद्र का दौरा कर निरीक्षण किया। वैक्सीनेशन केंद्र में नागरिकों के  लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव देखकर उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को उचित व्यवस्था करने जिलाधीश को पत्र लिख निर्देशित किया।

 सांसद सरोज पाण्डेय द्वारा जिलाधीश को लिखे पत्र में कहा कि वैक्सीनेशन केंद्र में सुविधाओं का अभाव है। इस भीषण गर्मी में न पीने के पानी की व्यवस्था है न हवा के लिए पंखे कूलर की साथ ही इतने बड़े वैक्सीनेशन अभियान के लिए कर्मचारियों की संख्या भी अपर्याप्त थी जिससे वैक्सीनेशन की गति धीमी है। रजिस्ट्रेशन  के लिए एक ही कर्मचारी रखा गया है जिसके चलते नागरिकों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा, मूलभूत सुविधाओं और अपर्याप्त मानव संसाधन के कारण केंद्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का समयसीमा पर पूर्ण होना संभव नही दिख रहा है। उन्होंने पत्र में जिलाधीश को इन सभी असुविधाओं को संज्ञान में लेकर शीघ्र उचित कार्रवाई कर सभी वैक्सीनेशन केंद्रों में वैक्सीनेशन के अलावा मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने कहा है जिससे आम नागरिक वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित हो और देश मे पूर्ण वैक्सीनेशन का लक्ष्य जल्द ही पूरा हो सके।


अन्य पोस्ट