दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जून। कोटनी एनीकट इस साल गर्मी की शुरुआत से लेकर अप्रैल के आखिर तक सूखा रहा, जिसकी वजह से ग्राम नगपुरा में जल संकट की स्थिति निर्मित हो गई थी। तत्काल जल संसाधन विभाग के विद्युत यांत्रिकी विभाग द्वारा इसका संधारण किया गया, मगर अब विभाग के द्वारा एनीकट के गेट खोल दिए जाने से कोटनी एनीकट फिर खाली हो गया है। नगपुरा के ग्रामीणों को एनीकट सूखने से फिर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है, जिसे लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
नगपुरा के ग्रामीणों के अनुसार एनीकट के गेट का संधारण नहीं होने से अप्रैल के महीने में बोर सूख जाने की वजह से ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। पंचायत द्वारा ऐसी स्थिति में टैंकर से पेयजल की सप्लाई करनी पड़ी। वही बोर सूखने की वजह से कई किसानों के रबी की फसल चौपट हो गई। भूपेंद्र ने बताया कि एनीकट का संधारण होने के पश्चात एनीकट लबालब भरा हुआ था, जिसके बाद बोर रिचार्ज हो जाने के पश्चात ग्राम पंचायत क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति के लिए लगाए गए टैंकर 21 मई से ग्राम पंचायत ने बंद कर दिया है, मगर अब एनीकट के गेट खोल दिए जाने की वजह से एनीकट का पानी खाली हो गया है। उनका कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो फिर बोर सूखने पर ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। वही खरीफ की फसल में भी किसानों को सिंचाई करने में दिक्कत खड़ी हो सकती है। श्री रिगरी ने बताया कि एनीकट का गेट खोल दिए जाने के पश्चात एनीकट के ऊपरी हिस्से में फिर मशीन से रेत उत्खनन का कार्य शुरू हो गया है । उन्होंने कहा कि एनीकट का पानी खाली हो जाने से संभावित पेयजल संकट के निदान के लिए तत्काल एनीकट के गेट बंद किया जाना चाहिए, तभी एनीकट में पानी भर सकता है।