दुर्ग
किसान ने मनाया सम्पूर्ण क्रांति दिवस, प्रतियां जलाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जून। एक साल पहले आज ही के दिन 5 जून को केंद्र सरकार ने तीन कृषि अध्यादेश लागू किया था। पूरे देश भर के किसान संगठन केंद्र के तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर पिछले एक साल से आंदोलन कर रहे हैं। राष्ट्रीय संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने आज पूरे देश में संपूर्ण क्रांति दिवस मनाया।
इस दौरान किसानों ने छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के नेतृत्व में शनिवार को राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और लोकसभा सांसद विजय बघेल के निवास के बाहर तीनों केंद्रीय कानूनों की प्रतियां जलाकर केंद्र के मोदी सरकार के प्रति अपने असंतोष जताया। इस दौरान मौजूद संगठन के पदाधकारियों व किसानों ने कहा कि संघर्ष तब तक जारी रखने का निर्णय लिया है जब तक केंद्र सरकार तीनों कानूनों को वापस लेकर कृषि उपजों के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी प्रदान न कर दे। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के किसानों को भी इससे नुकसान हो रहा है। हाल ही में धमधा क्षेत्र में नरनारी धान का उत्पादन ले रहे किसानों के साथ ऐसा मामला सामने आया है।
संपूर्ण क्रांति दिवस आयोजन में राजकुमार गुप्त, पुरूषोत्तम वाघेला, उत्तम चंद्राकर, प्रमोद पवांर, कल्याण सिंह ठाकुर, बद्री प्रसाद पारकर, बाबूलाल साहू, मंगलूराम बघेल, भगतराम, मीलूराम, ढालेश साहू, बृजेंद्र तिवारी, रजा अहमद, पूरनलाल साहू, अक्षय साहू, शुभम रजक, अशोक मिरी, जीतराम साहू सहित अनेक किसान शामिल हुए।