दुर्ग

किसानों-मजदूरों दोनों को करनी होगी अपने हितों की रक्षा
15-Mar-2021 5:30 PM
किसानों-मजदूरों दोनों को करनी होगी अपने हितों की रक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 मार्च। 
किसानों एवं मजदूरों दोनों को अपने हितों की रक्षा करना  जरूरी है इसके लिए किसानों एवं मजदूरों को मिलकर संघर्ष करना होगा। छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच तथा छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन का संयुक्त दल गांव-गांव पहुंचकर ने किसानों व मजदूरों के बीच बैठकें कर रहे हैं, जहां यह बात उठ रही हैं। 

दल ने गत दिनों रसमड़ा, गनियारी, नगपुरा, बोरई, खुरसुल आदि गांव में मनरेगा मजदूरों से भेंट की। जहां उन्हें रोजगार गारंटी कानून के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसानों और मनरेगा मजदूरों का हित अलग-अलग नहीं है। मनरेगा मजदूरों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच के संयोजक  राजकुमार गुप्त ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्य की बात है कि जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव के क्षेत्र में ही मनरेगा मजदूरों को दस सप्ताह के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हुआ है। 

छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के दुर्ग जिला अध्यक्ष उत्तम चंद्राकर ने बताया कि यह गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का निर्वाचन क्षेत्र है, मजदूरों की पारिश्रमिक का भुगतान करा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में सडक़ का निर्माण चल रहा है जिसके लिये भूमि का अर्जन किया गया है। गृहमंत्री के क्षेत्र में अर्जन से प्रभावित आबादी पट्टे की भूमि का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री के पाटन क्षेत्र में पट्टे की भूमि का मुआवजा दिया गया है। 

संयुक्त दल में किसान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष परमानंद यादव, बद्रीप्रसाद पारकर, बाबूलाल साहू और प्रमोद पंवार भी शामिल थे। वहीं युवा स्वाभिमान मंच के एक अन्य दल ने पुरई, खोपली, मचांदुर और घुघसीडीह में मनरेगा मजदूरों से भेंट करके उन्हें रोजगार गारंटी कानून की जानकारी दी। उन्हें बताया कि दस सप्ताह के बकाया पारिश्रमिक के भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच के नेतृत्व में मनरेगा मजदूरों के प्रतिनिधियों द्वारा 16 मार्च को जिला जनपद में गोहार लगाया जायेगा। दल में पूरनलाल साहू, ढालेश साहू और अक्षय साहू शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट