दुर्ग

पांच जिलों के 144 बाल वैज्ञानिकों ने प्रदर्शित किए नवाचार मॉडल
17-Nov-2026 8:39 PM
पांच जिलों के 144 बाल वैज्ञानिकों ने प्रदर्शित किए नवाचार मॉडल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 नवंबर
। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यमिक जेआरडी विद्यालय में सोमवार को जोन स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। इसमें दुर्ग सहित बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़ जिले के 144 बाल वैज्ञानिकों ने अपने नवाचार मॉडल प्रदर्शित किए।

प्रदर्शनी का उद्घाटन संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. केवी राव और जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने का बेहतर मंच हैं। प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार था।
विद्यार्थियों ने एआई, वेव वोल्ट, एंटी स्कैन एआई और ऊर्जा घर सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने मॉडलों का अवलोकन कर बच्चों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के संयोजक प्राचार्य आरके दुबे थे। प्रतियोगिता के विजेता दिसंबर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय स्पर्धा में शामिल होंगे, जिसका आयोजन 1 से 5 दिसंबर तक दुर्ग में होने की संभावना है।
प्रमुख परिणाम- कृत्रिम बुद्धिमत्ता में आकाश साहू (पनेका, राजनांदगांव), हरित ऊर्जा में सुहाना वर्मा (बोटेपार, राजनांदगांव), गणितीय मॉडल में दिवांशु साहू (फरफोड़, बालोद), स्वास्थ्य एवं स्वच्छता में हर्षिता साहू (सोमनी, राजनांदगांव), स्वदेशी कृषि में चेष्टा लहरे (सेक्टर-6, भिलाई), ग्रामीण विकास में नम्रता साहू (आदर्श कन्या दुर्ग) और आपदा प्रबंधन में नीरज कुमार (गुजरा, बालोद) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दिव्यांग विद्यार्थियों की मॉडल श्रेणी में आयुष निर्मलकर (अंडा), प्रश्नमंच में भावना साहू एवं एस. कुमार (अर्जुंदा), विज्ञान नाटिका में शासकीय उमावि चिखली, विज्ञान क्लब में आदर्श कन्या दुर्ग और टीम प्रोजेक्ट में सेजस जेवरा-सिरसा प्रथम रहे। शिक्षक संगोष्ठी में पूजा गोयल, विज्ञान सामग्री में जनक राम हिरवानी तथा विज्ञान सेमिनार में तोषण साहू (जेआरडी दुर्ग) ने प्रथम स्थान हासिल किया।


अन्य पोस्ट