दुर्ग
दुर्ग, 15 नवंबर। अवैध गांजा बिक्री पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। चौकी अंजोरा पुलिस ने ग्राम महमरा में शिव मंदिर के बगल में गांजा बेच रहे निगरानी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 02 किलो 500 ग्राम गांजा और बिक्री की नगद रकम 25,700 रुपये सहित कुल 1,49,700 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना पुलगांव क्षेत्र का निगरानी बदमाश लखन गौड़ ग्राम महमरा एनिकेट के पास स्थित शिव मंदिर के बगल में अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी अंजोरा पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी लखन गौड़, उम्र 55 वर्ष, निवासी डिपरा पारा को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी में उसके पास से 2 किलो 500 ग्राम गांजा और 25,700 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ धारा 20 (ख), 27 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है।