दुर्ग
दुर्ग, 11 नवंबर। पुलगांव पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 395 नग टैबलेट और बिक्री रकम 500 रुपये सहित कुल 1,58,500 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवनाथ नदी पचरी के पास महरून रंग की फुल टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहने एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस ने स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोमेश्वर साहू (25 वर्ष) निवासी बजरंग चौक, वार्ड 55 पुलगांव बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 395 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।