दुर्ग

लिफ्ट मांगने पर मारपीट, जुर्म दर्ज
05-Nov-2026 4:36 PM
लिफ्ट मांगने पर मारपीट, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 नवंबर
। उल्टी व चक्कर आने के कारण रोड के किनारे बैठे प्रार्थी को मोटरसाइकिल चालक से लिफ्ट मांगना भारी पड़ गया। आरोपी मोटरसाइकिल चालक ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। इससे प्रार्थी को चोटें आई। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी भावेश ढीमर 1 नवंबर की रात को अपने दोस्त सोनू साहू, प्यारे सोमवंशी के साथ कार में घूमने गए हुए थे। 2 नवंबर की रात को लगभग 2 बजे उसकी तबीयत ठीक नहीं लगने एवं चक्कर उल्टी होने के कारण वह मिल पारा पान ठेला के पास नया पारा रोड दुर्ग में कार से उतर गया। इसके बाद उसके दोस्त वहां से चले गए थे। वह रोड के किनारे बैठा हुआ था। फिर घर जाने के लिए एक मोटरसाइकिल पल्सर चालक को रोक कर लिफ्ट मांगा। मोटरसाइकिल चालक ने उसके पास रुक कर उसे उल्टी सीधी बात कही और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ मुक्के से मारपीट की और अपनी वाहन लेकर वहां से चला गया। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट