दुर्ग

गरबा पंडाल में प्रवेश को लेकर विवाद
16-Oct-2026 6:26 PM
गरबा पंडाल में प्रवेश को लेकर विवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 अक्टूबर।
कसारीडीह स्थित शीतला मंदिर के पास आयोजित गरबा पंडाल में गैर-हिंदू युवकों के प्रवेश को लेकर बुधवार रात भारी विवाद और हंगामा हो गया। यह आयोजन दुर्ग के पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता धीरज बाकलीवाल द्वारा आयोजित किया जा रहा था।
कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अचानक स्टेज पर पहुंच गए और माइक से घोषणा की कि पंडाल में किसी भी गैर-हिंदू युवक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
गैर-हिंदू युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताने के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और तनातनी शुरू हो गई, जिसके चलते कुछ युवकों के साथ मारपीट भी हुई और स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
 हिंदू संगठनों का आरोप था कि एक गैर-हिंदू युवक द्वारा सोशल मीडिया पर गरबा उत्सव के प्रचार और नि:शुल्क पास उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी साझा की गई थी, जिसे लेकर उन्होंने कड़ा रोष व्यक्त किया।
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


अन्य पोस्ट