दुर्ग
स्कूल शिक्षा मंत्री ने किया भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 अक्टूबर। उदय प्रसाद शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, दुर्ग में 8 करोड़ 86 लाख 51 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास एवं उन्नयन कार्यों का भूमिपूजन शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया। इन कार्यों से कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
स्वीकृत कार्यों के तहत कार्यालय भवन का नवीनीकरण, परिसर में सीसी रोड, शौचालय, सिविल विंग का विस्तार, निकासी नाली तथा बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा। यह संस्थान लंबे समय से दुर्ग जिले सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है। अधोसंरचना के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षा और तकनीकी कौशल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढऩे के बेहतर अवसर दिए जाएं। तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, सभापति श्याम शर्मा, कांशीराम कोसरे, कार्यपालन अभियंता ए.के. भट्टाचार्य, कॉलेज के प्राचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।