दुर्ग

मोबाइल एप के माध्यम से करनी होगी खाद की खरीदी
11-Oct-2026 9:41 PM
मोबाइल एप के माध्यम से करनी होगी खाद की खरीदी

खाद की कालाबाजारी पर लगाम लगाने कवायद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अक्टूबर।  किसानों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग उर्वरक विक्रय की नई डिजिटल व्यवस्था लागू कर रहा है।
इस व्यवस्था के तहत किसानों को अब खरीफ और रबी सीजन की खेती के लिए मोबाइल एप के माध्यम से खाद की खरीदी करनी होगी। रबी सीजन में किसानो को टोकन के माध्यम से खाद मिलेगा। जानकारी के मुताबिक मोबाइल एप आधारित उर्वरक वितरण प्रणाली को पहले गरियाबंद एवं बीजापुर जिलों में मॉडल के रूप में संचालित किया गया था। इसके सफल क्रियान्वयन के बाद अब रबी सीजन 2026-27 से इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है। यह किसानों के लिए नई व्यवस्था होगी।
कृषि विभाग के अधिकारियों का दावा है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण को सुव्यवस्थित करना, कालाबाजारी पर नियंत्रण रखना तथा किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में होने वाली अनावश्यक परेशानियों को कम करना है। नई प्रणाली के माध्यम से पीओएस मशीन से अनिवार्य विक्रय, उपलब्ध स्टाक का रियल टाइम मिलान, पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन एवं आधार लिंकिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इससे उर्वरकों की अग्रिम मांग का आकलन करने, भंडारण एवं वितरण की बेहतर कार्ययोजना तैयार करने तथा अमानक उर्वरकों और कालाबाजारी पर निगरानी मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत किसान मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से उर्वरक खरीदी की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। जिन किसानों के पास स्वयं का मोबाइल फोन नहीं है, वे परिवार के किसी अन्य सदस्य के मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से एफएफएस फर्टिलाइजर एप इंस्टाल कर आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद टोकन अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से नजदीकी निर्धारित केंद्र से अनुशंसित मात्रा में उर्वरक प्राप्त किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इससे डिजिटल सुविधा से वंचित किसानों को भी नई व्यवस्था का लाभमिल सकेगा।
चिप्स, कलेक्टर परिसर दुर्ग में फ्रेमवर्क फार फर्टिलाइजर सेल विषय पर एक दिवसीय वर्चुअल प्रशिक्षण आयोजित किया गया। राज्य स्तर से आयोजित इस प्रशिक्षण में मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से उर्वरक विक्रय एवं वितरण की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसी क्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा समिति प्रबंधकों, उर्वरक विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया साथ ही मैदानी अमलों के माध्यम से कृषकों के मध्य जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण में  सुचित्रा दरबारी सहायक संचालक कृषि,  हेमन्त बघेल सहायक सहायक संचालक कृषि, तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के जिला नोडल अधिकारी व जिला स्तरीय एवं दुर्ग, पाटन और धमधा विकासखंड के कृषि विभाग के अधिकारी, सहकारी समितियों के समिति प्रबंधक, कंप्यूटर आपरेटर, थोक एवं खुदरा उर्वरक विक्रेता तथा किसान शामिल हुए।


अन्य पोस्ट