दुर्ग

बीएसपी लोहा चोरी : एचटीसी सुपरवाइजर को जमानत
01-Oct-2026 9:03 PM
बीएसपी लोहा चोरी : एचटीसी सुपरवाइजर को जमानत

अब तक 21 की गिरफ्तारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 1 अक्टूबर। बीएसपी में करीब 250 टन स्क्रैप चोरी के मामले में आरोपी बनाए गए हेवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के सुपरवाइजर अखिलेश तिवारी को भिलाई-3 न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल गई है। न्यायालय ने मामले की जांच में सहयोग करने सहित विभिन्न शर्तों के साथ जमानत मंजूर की है। प्रकरण में अब तक 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बीएसपी स्क्रैप चोरी के मामले में भिलाई-3 थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद अखिलेश तिवारी ने न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।

न्यायालय ने आरोपी को विवेचना में सहयोग करने तथा किसी भी गवाह को डराने, धमकाने अथवा प्रभावित करने का प्रयास नहीं करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही न्यायालय की अनुमति के बिना देश से बाहर नहीं जाने और आवश्यकतानुसार सुनवाई में उपस्थित रहने की शर्त भी रखी गई है। शर्तों का उल्लंघन होने पर जमानत निरस्त की जा सकती है।

पुलिस की जांच में स्क्रैप चोरी के लिए वाहनों के इस्तेमाल और उनकी नंबर प्लेट में बदलाव किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि रात के समय स्क्रैप लोड किया जाता था और सुबह वाहनों की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि स्क्रैप की रेकी से लेकर उसे प्लांट से बाहर निकालने तक अलग-अलग लोगों की भूमिका बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बीटीटीए के माध्यम से बीएसपी में परिवहन करने वाले वाहनों की जानकारी भी जांच के दायरे में है। आरोप है कि संबंधित वाहनों की निगरानी और आवाजाही में सुपरविजन की भूमिका निभाई जाती थी। पुलिस मामले में वाहनों की एंट्री, नंबर प्लेट बदलने और स्क्रैप को बाहर ले जाने से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच में पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि बीएसपी में परिवहन के लिए आने वाले कुछ वाहनों को स्क्रैप चोरी में इस्तेमाल किए जाने के बदले 500 से 5 हजार रुपये तक कमीशन दिए जाने का आरोप है। पुलिस इन आरोपों से जुड़े साक्ष्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। बीएसपी से जुड़े स्क्रैप चोरी के इस मामले में सीबीआई जांच की चर्चा के बीच पुलिस द्वारा प्रकरण से संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट