दुर्ग

नाबालिग से रेप, उम्र कैद
27-Sep-2026 8:12 PM
नाबालिग से रेप, उम्र कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 सितंबर।
मासूम बच्ची के साथ शारीरिक संबंध बनाने के बाद उसे मारने के उद्देश्य से बोरे में भरकर जंगल झाडिय़ां में फेंक देने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा सुनाई है।
अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी अनीश दुबे की कोर्ट ने आरोपी धनेश्वर साहू उफऱ् जनता को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत आजीवन कारावास, 5000 रुपए अर्थदंड, धारा 67 के तहत 7 वर्ष सश्रम कारावास, 2000 रुपए अर्थदंड, धारा 109 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास, 2000 रुपए अर्थदंड, धारा 238 के तहत 7 वर्ष सश्रम कारावास, 2000 रुपए अर्थदंड तथा अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम 1989 की धारा 3 (2) के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक रूप वर्षा दिल्लीवार ने पैरवी की थी।
रूप वर्षा दिल्लीवार ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को थाना उत्तर क्षेत्र में लगभग 4 वर्ष 5 माह आयु की बालिका अपनी दादी से 5 रुपए लेकर खाई खजाना खरीदने के लिए घर के पास ही स्थित दुकान में गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी धनेश्वर साहू उफऱ् जनता निवासी बंजारी पारा उतई उसे बहला फुसला कर अपने साथ सुनसान क्षेत्र में खंडहर नुमा जगह के पास ले गया और उसके साथ जबरन गलत संबंध बनाया। पकड़े जाने के डर से बेहोश हो चुकी मासूम बच्ची को आरोपी ने बोरे में भरकर सुनसान क्षेत्र में फेंक दिया था।
जब बच्ची घर नहीं पहुंची तब बच्ची की मां ने उसकी खोजबीन की। कई लोग उसकी तलाश में निकले हुए थे। अचानक बोरा देख लोगों को शक हुआ और जब उसे खोला गया तो उसमें बेहोशी हालत में मासूम बच्ची मिली थी। उसके शरीर में कई जगह चोट के निशान थे और उसके साथ अनहोनी होने की जानकारी मिली। उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।


अन्य पोस्ट