दुर्ग
दुर्ग, 24 सितंबर। पद्मनाभपुर निवासी सरदार हरमिंदर सिंह भाटिया ने कुछ वर्ष पूर्व अपने नेत्रदान का संकल्प लिया था। उनके निधन के पश्चात भाटिया परिवार ने अपने परिवार के मुखिया के नेत्रदान का निर्णय लिया। परिवार के इस पुनीत निर्णय से दो नेत्रहीन लोगों के जीवन में नई रोशनी आने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
भाटिया परिवार की ओर से उनकी बहू जसमीत कौर भाटिया, रौनक सिंह भाटिया, परमदीप कौर भाटिया, परवीन कौर भाटिया एवं गुरजीत कौर भाटिया की सहमति से नेत्रदान की प्रक्रिया संपन्न हुई। नेत्रदान की प्रक्रिया के दौरान नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्य कुलवंत भाटिया, राज आढ़तिया, हरमन दुलई, राजेश पारख, प्रभुदयाल उजाला एवं सपन जैन श्री भाटिया के निवास पर उपस्थित रहे और नेत्रदान की पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज की टीम के डॉ. रिंकल अग्रवाल, डॉ. मिथलेश कुमार एवं नेत्रदान प्रभारी विवेक कसार द्वारा कॉर्निया का सफलतापूर्वक संकलन किया गया।