दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 अगस्त। नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आईटीसी के नाम से तैयार नकली उत्पादों की कुल 2,07,000 रुपए कीमत की 18000 सिगरेट जब्त की है।
पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित एस एस डी ट्रेडर्स में आईटीसी लिमिटेड के गोल्ड फ्लैक ब्रांड के नकली उत्पाद विक्रय की सूचना पर विधिवत कार्रवाई की है। आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से वास्तविक उत्पादन के सामान पैकिंग एवं ब्रांड नाम वाले नकली सिगरेट उत्पादों का विक्रय किया जा रहा था। दो आरोपियों विशाल जसवानी निवासी गुरु नानक नगर सत्यम बेकरी गली थाना मोहन नगर दुर्ग तथा निखिल सिहानी निवासी शदाणी नगर सिंधी कॉलोनी थाना मोहन नगर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 18000 नकली गोल्ड फ्लैक प्रीमियम सिगरेट एवं संबंधित पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि से नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट विक्रय की सूचना प्राप्त हुई जिस पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई है। 11 अगस्त को प्रार्थी द्वारा सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया था कि आईटीसी लिमिटेड द्वारा अपने उत्पादों की नकल करने एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के लिए वे अधिकृत है।
सूचना मिली है कि इंदिरा मार्केट दुर्ग स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में आईटीसी लिमिटेड के गोल्ड फ्लैक प्रीमियम ब्रांड के नकली उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य संकलन किया। अपराध घटित हुए ने पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4) एवं धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।