दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अगस्त। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, लीना दिनेश देवांगन, शशि साहू, शेखर चन्द्राकर, पार्षद कुलेश्वर साहू, कमल देवांगन, अनूप सोनी, तुलसी यादव, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता विनोद मांझी, अपर्णा मिश्रा एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में वार्ड 33, 34 एवं 35 में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर महापौर ने तीनों वार्डों का भ्रमण कर नागरिकों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
भूमिपूजन के तहत वार्ड 35 रामदेव वार्ड में 24.38 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं पुलिया निर्माण तथा डोल हरियाणा वाले के घर से माहेश्वरी के घर तक 9.99 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 34 सरस्वती नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना की एएचपी साइट के समीप 24 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार कार्य, शबाना ढीमर के घर से श्यामबती कंडरा तक 9 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण तथा किशन राजपूत के घर से सत्यनारायण के घर तक आरसीसी नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 33 में वर्धमान हॉस्पिटल से इमली झाड़ तक 9 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, शिवपारा गवलीपारा, सोनी जयश्री ऑयल मिल के पीछे तथा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से मां बम्लेश्वरी मंदिर तक 11 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं पुलिया निर्माण तथा 9 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त नाली निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है। सडक़, नाली, पुलिया और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।