दुर्ग

ताला तोडक़र रकम व कागजात चोरी
15-Jul-2026 4:30 PM
ताला तोडक़र रकम व कागजात चोरी

दुर्ग, 15 जुलाई। पुलगांव स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल के अकाउंट कार्यालय का दरवाजा तोडक़र अज्ञात आरोपी ने रकम एवं अन्य कागजात की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी आलोक कांत बक्शी अनुष्ठा रेसीडेंसी जुनवानी चौक स्मृति नगर निवासी है और वह कृष्णा पब्लिक स्कूल पुलगांव में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर पदस्थ है। 12 जुलाई की रात को स्कूल के कमरे में लगे ताले को गार्ड द्वारा चेक किया गया था जो ठीक था। 13 जुलाई की सुबह 5 बजे स्कूल की सफाई करने वाले कर्मचारियों ने देखा कि अकाउंट कार्यालय के दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ है, दरवाजा खुला हुआ था। तत्काल सफाई कर्मचारी ने स्कूल के बस चालक अरुण यादव को बताए। अरुण यादव ने प्रार्थी को इसकी जानकारी दी। इस पर प्रार्थी अपने साथ राजकुमार सिंह, सैयद अदनान को लेकर स्कूल जाकर देखे तो ऑफिस के दरवाजे में लगा हुआ कुंडा टूटा हुआ था, आलमारी का लाकर भी टूटा हुआ था। उसके अंदर रखे लगभग 70 हजार रुपए एवं अन्य कागजात गायब थे। अज्ञात आरोपी बाउंड्रीवॉल फांदकर स्कूल के अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

 


अन्य पोस्ट