दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 जून। भिलाई सेक्टर-6 स्थित साई कॉलेज के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र का शव कॉलेज हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन, छात्र-छात्राओं और पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छात्र कॉलेज में अध्ययनरत था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
शुक्रवार को जब काफी देर तक छात्र कमरे से बाहर नहीं निकला तो साथियों को संदेह हुआ। कमरे का दरवाजा खोलने पर छात्र फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। छात्र के मित्रों और सहपाठियों ने बताया कि वह सामान्य रूप से पढ़ाई कर रहा था, जिससे घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।