दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 मई। संत निरंकारी मिशन द्वारा पूज्य बाबा हरदेव सिंह की पावन स्मृति में समर्पण दिवस के अवसर पर श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बाबा की शिक्षाओं, मानवता के प्रति उनके समर्पण एवं प्रेम, विनम्रता और सेवा भाव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्संग में रायपुर से पधारे दीपक चंदवानी ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह ने सदैव मानव मात्र को प्रेम, एकता, सहनशीलता एवं भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने समाज को यह प्रेरणा दी कि सच्ची भक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सद्भावना से भरे जीवन में दिखाई देती है।
इस अवसर पर भक्तों द्वारा भजन, गीत एवं विचारों के माध्यम से बाबा जी के दिव्य जीवन और उनके संदेशों को स्मरण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने एवं मानव कल्याण के कार्यों में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, शांति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। अंत में समस्त संगत ने विश्व शांति, मानव एकता एवं सर्वकल्याण की प्रार्थना की। यह जानकारी मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।


