दुर्ग

तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर दो दिनी मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण
15-May-2026 4:52 PM
तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर दो दिनी मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 मई।
मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन अंतर्गत तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर अभियान को राज्य भर में पहुंचाने के लिए मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए गए हैं। यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में यह अभियान प्रारंभ किया गया है।

दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण के दौरान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के लीडर्स ने लैंगिक जागरूकता, अधिकार एवं समावेशी मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के गुर सीखे।  इस अभियान का समापन 28 मई को विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से तीन- तीन की संख्या में जिला संगठन आयुक्त (स्काउट, गाइड) एवं महिला लीडर्स की उपस्थिति हुई। प्रशिक्षण की शुरुआत करते हुए यूनिसेफ की वाश ऑफिसर बिरजा कबी सतपथी ने प्रशिक्षणार्थियों से उनके पहले पीरियड और इसकी जानकारी कैसे मिली को लेकर सीधे संवाद किया। एक- एक कर सभी ने अपने अनुभव साझा किए। मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए शंका समाधान किया गया।
यूनिसेफ के एसबीसी कंसलटेंट अभिषेक त्रिपाठी ने सामाजिक मानदंड, समुदाय का जुड़ाव और युवा सहभागिता पर लीडर्स के साथ संवाद किया। उन्होंने मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन जैसे विषय पर खुलकर बात करना क्यों जरूरी है, इस पर विस्तार से प्रकाश डाला। यूनिसेफ के आशीष कुमार ने माहवारी स्वच्छता का प्रबंधन कैसे किया जाए, इसकी जानकारी दी। प्रशिक्षण के दूसरे दिवस रायपुर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पीवी मसीह ने मासिक धर्म और इससे जुड़ी तकनीकी जानकारियों से अवगत कराया। इसके अलावा अन्य विशेषज्ञों ने भी अपनी बात रखी।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्टेट कोऑर्डिनेटर मेंबरशिप ग्रोथ मोहम्मद सादिक शेख एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर ओवाईएमएस दिलीप पटेल ने जिलों में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स तथा अन्य लीडर्स के साथ अभियान का क्रियान्वयन कैसे करना है, इसकी जानकारी दी। राष्ट्रीय मुख्यालय आयुक्त जी स्वामी ने भी अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पाण्डेय द्वारा किया गया


अन्य पोस्ट