दुर्ग

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा, आरोपी गिरफ्तार
12-May-2026 3:47 PM
ऑनलाइन आईपीएल सट्टा, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 मई।
ऑनलाइन आईपीएल सट्टा का संचालन करने वाले मामले में दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में चार अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस मुखबिर से सूचना मिली कि ऋषभ नगर दुर्ग निवासी विकास जैन द्वारा अपने ही घर में आईपीएल क्रिकेट 20-20 मैच चेन्नई एवं दिल्ली के मध्य खेले जा रहे मैच में मोबाइल फोन एवं ऑनलाइन एप के माध्यम से हार जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए कार्रवाई की। मौके पर तीन आरोपियों को मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पाया गया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम विकास जैन, रौनक ताम्रकार एवं प्रवीण प्रवीण ताम्रकार बताया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, पॉकेट डायरी, नगदी रकम एवं ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से संबंधित सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं धारा 112 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी अक्षत बोहरे, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अय्युब एवं प्रकाश सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ  की गई थी। आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उनके कब्जे से चार अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

कोतवाली पुलिस ने सट्टा खिलाने वाले मामले में पूर्व में विकास जैन निवासी ऋषभ नगर दुर्ग, रौनक ताम्रकार निवासी शिवपारा, प्रवीण ताम्रकार निवासी गवली पारा एवं आज की गई कार्रवाई में आरोपी अक्षत बोहरे निवासी गणपति विहार कॉलोनी पद्मनाभपुर, मोहम्मद आदिल निवासी जवाहर चौक, मोहम्मद अय्युब निवासी डिपरापारा, प्रकाश सोनी निवासी मैथिल पारा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से आठ नग विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन एवं नगदी रकम 9810 रुपए, सट्टा लेखा- जोखा संबंधी पॉकेट डायरी, पेन आदि जब्त किया गया है।


अन्य पोस्ट