दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मई। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सिरसाकला नहर पुलिया के पास एक युवक पिट्टू बैग में शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नरेश कुमार रात्रे (29 वर्ष) निवासी बाजार चौक देवबलौदा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 30 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 5.40 बल्क लीटर और कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब और पिट्टू बैग को जब्त कर लिया।
आरोपी शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।


